गुंटूर :लोकसभा चुनाव 2019 के मद्देनजर दक्षिण भारत के मिशन पर निकले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को दक्षिण भारत के तीन राज्यों आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक के दौरे में सबसे पहले गुंटूर पहुंचे। यहां कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। मोदी ने रैली में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के एनडीए से अलग होकर महागठबंधन में शामिल होने पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि तेदेपा प्रमुख दल बदलने में सीनियर हैं। एनटीआर ने कांग्रेस से अलग होकर तेदेपा बनाई थी, नायडू ने अपने ससुर एनटीआर की पीठ में छुरा घोपा।
मोदी ने कहा, नायडू मुझे याद दिलाते रहते हैं कि वह वरिष्ठ हैं। इसमें कोई दो-राय नहीं है।’ पीएम ने कहा, ‘चूंकि आप वरिष्ठ हैं, मैंने कभी आपका अपमान नहीं किया। आप पाले बदलने में वरिष्ठ हैं।’ मोदी ने कहा, ‘अपने ही ससुर की पीठ में छुरा भोंकने वाला वरिष्ठ। एक वरिष्ठ चुनाव-दर-चुनाव हार रहा है, जबकि मैं नहीं।’उन्होंने कहा, यहां तक कि नायडू आज जिसे गालियां दे रहे हैं, कल उसी को गले लगाने में भी वरिष्ठ हैं। मोदी ने आरोप लगाया कि चूंकि केंद्र ने आंध्रप्रदेश को दिये गये धन के एक-एक पैसे का हिसाब मांगा है, इसलिए नायडू उनके खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि नायडू ने एनटीआर के पदचिह्नों पर चलने का वादा किया है, क्या वह चल सके हैं?