राम नरेश ठाकुर, ब्यूरो
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सभी सड़कों के किनारे पौधे लगेंगे और पथ निर्माण, ग्रामीण कार्य, विभाग को निर्देश दिया है कि तेजी से इस काम को करें। सड़कों की निरंतर मरम्मत के लिए बनी मेंटेनेंस पॉलिसी में भी पौधरोपण को शामिल करें, ताकि यह कार्य नियमित रूप से चलता रहे। जल संचयन क्षेत्रों वाले तटबंधों पर पौधरोपण कार्य तेजी से करें। इससे राज्य में हरित आवरण क्षेत्र बढ़ाने के लक्ष्य से हम आगे निकल जाएंगे।
मुख्यमंत्री बुधवार समीक्षा करने के दौरान उक्त दिशा-निर्देश दिये और कहा कि हमलोग पर्यावरण के प्रति सजग नहीं होंगे तो न जल रहेगा, न जीवन। जल और हरियाली रहेगी तभी जीवन रहेगा। इसके लिए हमलोगों को मिशन मोड में काम करना होगा। लोगों के बीच इसके लिए अभियान चलाना होगा। सभी राजनीतिक दलों की इसमें भागीदारी होगी। ऊपर के स्तर पर सर्वदलीय बॉडी बनेगी। अभियान के बेहतर संचालन के लिए एक कमेटी बनेगी। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के लिए काम करना होगा। यह भी पर्यावरण संरक्षण का एक हिस्सा है। तालाब के ऊपर सोलर प्लेट लगाने के लिए काम किया जा रहा है। यानी नीचे मछली और ऊपर बिजली होगी। उन्होंने कहा कि जल का दुरुपयोग को रोकने के उपाए करें। भू-जल स्तर को मेंटेन रखने के लिए लोगों को जागरूक किया जाए।