आर.पी.मौर्या
नवी मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस अपने एमएलए और महापौर पर कथित हमला मामले में शिवसेना नगरसेवक एमके मढ़वी के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी में जुटी है और लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा से पहले ही नवी मुंबई में शिवसेना और एनसीपी कार्यकर्तांओं की भिड़ंत से शहर का माहौल गरम हो गया है।
सूत्रों की मानें तो मंगलवार को पूर्व मंत्री गणेश नाईक की उपस्थिति में राकांपा नेता बैठक करने वाले हैं जिसमें शिवसेना नगरसेवकों के खिलाफ आगे की रणनीति तय की जाने वाली है। इस मामले में अब राष्ट्रवादी कांग्रेस के बडे़ नेता धनंजय मुंडे भी आ गए हैं। शनिवार को उन्होंने नवी मुंबई पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पुलिस आयुक्त को भी खरी खोटी सुनाई और उन्होंने कहा कि सत्ताधारी नवी मुंबई में अशांत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं जिसमें पुलिस आयुक्त संजय कुमार मोहरा बनकर काम कर रहे हैं। मुंडे ने शिवसेना नगरसेवकों की गिरफ्तारी नहीं करने पर तीब्र आन्दोलन की चेतावनी भी दी थी।
राकांपा के नवी मुंबई जिलाध्यक्ष अनंत सुतार ने कहा कि हमारा विरोध शिवसेना के खिलाफ नहीं बल्कि आपराधिक प्रवृत्ति के नगरसेवक एमके मढ़वी और उनके नगरसेवक बेटे और पत्नी के खिलाफ है। पार्टी इस बारे में विचार कर रही है कि किस तरह मढ़वी के खिलाफ कार्रवाई की रणनीति तय की जाए। उन्होंने कहा कि जो भी हो हम न्याय की लड़ाई को जारी रखेंगे।